Advertisement

नेपाल आपदा में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि एवं पीड़ितों की सहायता के लिए भाजपा गोरखा प्रकोष्ठ ने जुटाई सहयोग राशि

देहरादून, 29 अगस्त 2026।

नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आज देहरादून के घंटाघर पर भारतीय जनता पार्टी गोरखा प्रकोष्ठ, उत्तराखंड द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।कार्यक्रम के दौरान भाजपा गोरखा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेपाल आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए सहयोग राशि एकत्रित की। इस पहल का उद्देश्य आपदा से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों तक यथासंभव सहायता पहुंचाना और संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ा होना है।

वक्ताओं ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक संबंध हैं। नेपाल में आई आपदा से प्रत्येक भारतीय, विशेषकर गोरखा समाज, व्यथित है। संकट की इस घड़ी में मानवता के नाते पीड़ितों की सहायता करना हम सभी का दायित्व है।

भाजपा गोरखा प्रकोष्ठ ने आमजन से भी अपील की कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार नेपाल आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए सहयोग करें और राहत एवं पुनर्वास के प्रयासों में सहभागी बनें।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष गोरखा कल्याण परिषद/प्रदेश संयोजक भाजपा गोरखा प्रकोष्ठ अभिषेक शाही,राजेश क्षेत्री,राजीव गुरुंग,पारस थापा,वरुण क्षेत्री, सपना मल्ल,माया राणा,पदम थापा, आर एस क्षेत्री,सुखदेव गुरुंग,दयाल बिष्ट, टेकू थापा ज्योति आदि।एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।