Advertisement

चार साल बाद भी अंकिता को पूरा न्याय नहीं, VIP के सवाल पर उक्रांद ने सरकार को घेरा

सहसपुर। उत्तराखंड क्रांति दल पछवादून की ओर से स्वर्गीय अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर सहसपुर स्थित शहीद सतेंद्र चौहान चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर अंकिता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर अंकिता की आत्मा की शांति और परिवार को न्याय मिलने की कामना की।

 

जिला अध्यक्ष जीतेंद्र पंवार ने कहा कि अंकिता की हत्या को चार वर्ष बीत गए, लेकिन आज भी उत्तराखंड शर्मिंदा है कि हमारी बेटी को न्याय दिलाने के लिए परिवार और जनता को लगातार आवाज उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलना न्याय की प्रक्रिया का एक हिस्सा है, लेकिन अंकिता प्रकरण से जुड़े बाकी सवालों का जवाब भी सामने आना चाहिए।

 

केंद्रीय संगठन मंत्री प्रकाश भट्ट ने कहा कि अंकिता के मामले में CBI जांच को लेकर सरकार और जांच एजेंसी से प्रदेश की जनता को स्पष्ट जवाब चाहिए। उन्होंने कहा, “चार साल बाद भी कथित VIP एंगल को लेकर सवाल कायम हैं। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकरण से जुड़ा है तो उसकी भूमिका निष्पक्ष जांच के माध्यम से सामने आनी चाहिए और यदि कोई भूमिका नहीं है तो जांच के निष्कर्ष भी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किए जाने चाहिए। न्याय तभी पूरा माना जाएगा जब हर अनुत्तरित सवाल का जवाब मिले।” CBI जांच की सिफारिश जनवरी 2026 में राज्य सरकार द्वारा किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।

 

जिला कार्यकारी अध्यक्ष अतुल बेंजवाल ने कहा कि अंकिता केवल एक परिवार की बेटी नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। उसके साथ न्याय की लड़ाई को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा।

 

इस अवसर पर जिला महामंत्री हरीश कुनियाल, जिला मीडिया प्रभारी ऊषा चौधरी, युवा अध्यक्ष विपिन अन्थवाल, युवा महामंत्री पंकज रावत, अरुणा चौहान, उत्तम चौहान सहित उक्रांद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

उक्रांद ने मांग की कि अंकिता प्रकरण से जुड़े सभी लंबित सवालों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच के माध्यम से समाधान किया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय की पूरी प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक रूप से दी जाए।