सरकार केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रहे, शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने पर भी काम करे : सुरेन्द्र कुकरेती


रामपुर तिराहा, 2 अक्टूबर 2026।

रामपुर तिराहा कांड के अमर शहीदों की स्मृति में उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती के नेतृत्व में उक्रांद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रामपुर तिराहा पहुँचे और शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड के शहीदों ने जिस राज्य की कल्पना की थी, वह केवल सरकारी कार्यक्रमों और श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकारें आज केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने तक सीमित रह गई हैं, जबकि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए ठोस काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उत्तराखंड में मूल निवास, भू-कानून, रोजगार, पलायन रोकने, युवाओं के भविष्य और उत्तराखंड के संसाधनों पर उत्तराखंडवासियों के अधिकार जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।
कुकरेती ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि यदि उत्तराखंड के शहीदों के सपनों का राज्य बनाना है तो युवाओं को आगे आना होगा और उत्तराखंड क्रांति दल के साथ लामबंद होकर राज्य के हितों की लड़ाई को मजबूत करना होगा।
सरकार युवाओं के लिए भी समय निकाले : पुष्पेश त्रिपाठी
उक्रांद के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने रामपुर तिराहा कांड को उत्तराखंड के इतिहास का काला दिन बताते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि आज सरकार को केवल औपचारिक श्रद्धांजलि कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य के लिए भी गंभीरता से काम करना चाहिए।
त्रिपाठी ने कहा कि सरकार को खनन और शराब के कारोबार से जुड़े प्रभावशाली हितों के बजाय प्रदेश के युवाओं, रोजगार और उनके भविष्य के लिए भी समय निकालना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सरकारों की नीतियों के कारण उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों और अर्थव्यवस्था पर माफिया तंत्र का प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने सरकार से प्रदेश के हितों और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देने की मांग की।
इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री संगठन गणेश काला, केंद्रीय उपाध्यक्ष बहादुर सिंह रावत, मोहन असवाल, कर्नल सुनील कोटनाला, कार्यालय प्रभारी देव चंद उत्तराखंडी, महामंत्री कुंवर प्रताप सिंह, राजेंद्र बिष्ट,कर्नल कैलाश देवरानी, रमा चौहान, राजेश्वरी रावत, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष महिपाल सिंह पुंडीर, सह मीडिया प्रभारी विजेंद्र रावत, सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट, पछवादून जिला अध्यक्ष आनंद सिंह राणा, उत्तरकाशी जिला अध्यक्ष बिहारी लाल जगूड़ी,रुड़की जिला अध्यक्ष दीपक लखवान, महर सिंह सैनी, ऋतु कंडियाल, जुयाल आनंद राज, दिनेश दिमान, शिव कुमार सैनी, नितिन सैनी, हरिद्वार जिला अध्यक्ष गोकुल रावत सहित बड़ी संख्या में उक्रांद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उक्रांद ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल श्रद्धांजलि से नहीं, बल्कि उनके सपनों के उत्तराखंड के निर्माण के संघर्ष को आगे बढ़ाकर किया जाएगा।


















