11 अक्टूबर से ‘स्वाभिमान संकल्प यात्रा’, 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में ‘संकल्प नया उत्तराखंड’ मंथन।


देहरादून, 28 सितंबर 2026। उत्तराखंड क्रांति दल ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए विशेषाधिकार समिति, कोर कमेटी, दृष्टि पत्र (घोषणा पत्र) समिति तथा आंतरिक समन्वय समिति का गठन किया है। समितियों की विस्तृत घोषणा शीघ्र की जाएगी।

केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि उक्रांद आगामी चुनाव में उत्तराखंड के मूल सवालों और जनहित के मुद्दों को केंद्र में रखेगा। पार्टी जल्द अपना वचन पत्र/दृष्टि पत्र जारी करेगी। इसके लिए प्रदेश की जनता से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।
बद्रीनाथ धाम की मर्यादा पर सवाल
उक्रांद ने बद्रीनाथ धाम में डीजे कार्यक्रम की अनुमति पर शासन-प्रशासन से जवाब मांगा। पार्टी ने धामों से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं पर कार्रवाई तथा स्थानीय कलाकारों के लंबित भुगतान की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
भूमि आवंटन में पारदर्शिता की मांग
पार्टी ने UIIDB, SIDCUL और UTDB सहित विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से प्रदेश की भूमि के आवंटन एवं व्यावसायिक उपयोग पर सवाल उठाते हुए स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने की मांग की। गैंठेट, मसूरी, नैनीताल, जकनपुर और धनोल्टी सहित विभिन्न क्षेत्रों की भूमि का उपयोग विद्यालय, अस्पताल, खेल मैदान एवं जनसुविधाओं के लिए किए जाने की मांग की गई।
उक्रांद ने नैनीताल हाईकोर्ट से संबंधित संपत्ति के निजी उपयोग और उसे रिजॉर्ट में परिवर्तित किए जाने की कथित तैयारियों पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

किशाऊ परियोजना पर श्वेत पत्र की मांग
440 मेगावाट किशाऊ बांध परियोजना को लेकर उक्रांद ने सर्वेक्षण, निर्माण, पर्यावरणीय प्रभाव तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और अधिकारों पर सरकार से पारदर्शिता की मांग करते हुए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
11 अक्टूबर से ‘स्वाभिमान संकल्प यात्रा’
पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक काशी सिंह ऐरी ने बताया कि 11 अक्टूबर 2026 से ‘स्वाभिमान संकल्प यात्रा’ शुरू होगी। यह यात्रा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर उक्रांद की विचारधारा और उत्तराखंड के मूल मुद्दों को जनता के बीच रखेगी।
वहीं 25 अक्टूबर 2026 को हल्द्वानी में ‘संकल्प नया उत्तराखंड’ मंथन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें समान विचारधारा वाले संगठनों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश के भविष्य और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
प्रमुख रूप से उपस्थित: केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक काशी सिंह ऐरी, पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, कार्यकारी अध्यक्ष कुंदन सिंह बिष्ट, पंकज व्यास, जयप्रकाश उपाध्याय, केंद्रीय महामंत्री संगठन गणेश काला, केंद्रीय उपाध्यक्ष कर्नल सुनील कोटनाला, ललित बिष्ट, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष महिपाल सिंह पुंडीर, राजेंद्र बिष्ट, केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट, कर्नल कैलाश देवरानी, देहाती, देव चंद उत्तराखंडी, चंद्र मोहन गाड़िया, के.के. डिमरी, डॉ. पंकज पैन्यूली, कुंवर प्रताप, रमा चौहान, राजेश्वरी रावत, भरत राणा, जितेंद्र कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















