Advertisement

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने गांधी पार्क में काली पट्टी बांधकर किया विरोध प्रदर्शन

देहरादून, 19 अक्टूबर 2026। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की पहचान और भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब तथा पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आज उत्तराखंड क्रांति दल ने गांधी पार्क, देहरादून में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

इस दौरान दल के कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने, कथित VIP से जुड़े आरोपों की जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक करने तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का सवाल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।

 

उत्तराखंड क्रांति दल ने कहा कि मामले में उठ रहे सवालों का निष्पक्ष जांच के माध्यम से जवाब मिलना चाहिए, ताकि जनता का कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे। दल ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को किसी भी स्थिति में अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।

विरोध प्रदर्शन में समीर मुंडेपी, देवेंद्र चमोली, देव चंद उत्तराखंडी, प्रकाश भट्ट, लूशुन टोडरिया, अनीता, नैना लखेड़ा, उत्तरा पंत बहुगुणा, ऊषा रमोला, खालिक अहमद, पंकज पोखरियाल एवं राकेश नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

उत्तराखंड क्रांति दल ने संकल्प दोहराया कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने, मामले से जुड़े सवालों का पारदर्शी जवाब सामने आने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होने तक उसकी आवाज बुलंद होती रहेगी। काली पट्टी बांधकर किया गया यह विरोध न्याय, जवाबदेही और जनसम्मान की मांग का प्रतीक है। दल इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने और अंकिता को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा।

 

अंकिता को न्याय दो!

कथित VIP से जुड़े सवालों का जवाब दो!

उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाओ!