उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से पहली बार पर्वतीय क्षेत्रों के लिए ‘हिमगिरी’ बस सेवा का संचालन शुरू होने जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग के विभिन्न इलाकों के लिए कुल 11 बस सेवाओं के संचालन की अनुमति मिली है, जिससे दूरदराज के गांव सीधे राजधानी से जुड़ जाएंगे। इन नई परिवहन सेवाओं को शुरू करने के लिए कई वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे, जिन्हें अब राज्य परिवहन प्राधिकरण और आरटीए की मंजूरी मिल गई है।


पहाड़ के लिए पहली बार ‘हिमगिरी’ बस सेवा और रूट
राज्य परिवहन प्राधिकरण से अनुमति मिलने के बाद गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (जीएमओयू) द्वारा पहले चरण में बीरोंखाल और थलीसैंण के लिए बस सेवा शुरू की जा रही है। ये बसें भुड्डी गांव के पास चांदनी चौक क्षेत्र से संचालित होंगी, जिनमें से कुछ रूट ऋषिकेश और कुछ हरिद्वार के रास्ते गुजरेंगे। यात्रियों की प्रतिक्रिया और रुझान को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में अन्य स्वीकृत रूटों पर भी बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा। परिवहन व्यवस्था के तहत तय किए गए मुख्य रूटों में देहरादून से ऋषिकेश, श्रीनगर, कर्णप्रयाग और चमोली होते हुए जोशीमठ तक का मार्ग शामिल है। इसके अलावा देवप्रयाग, सतपुली, एकेश्वर और पोखड़ा होते हुए बैजरो, गोपेश्वर होते हुए रोपा बछेर, पोखरी होते हुए कलसिर, ऊखीमठ होते हुए सारी, पौड़ी और त्रिपालीसैंण होते हुए थलीसैंण, कोटद्वार और धुमाकोट होते हुए गोलीखाल, रिखणीखाल होते हुए भौंण, तथा लैंसडौन तक के विभिन्न पर्वतीय मार्ग शामिल हैं। हालांकि, इन बसों के संचालन को लेकर उत्तराखंड रोडवेज इम्पलाइज यूनियन ने परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर विरोध भी दर्ज कराया है।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक जा सकेंगे ऑटो रिक्शा
आम जनता, मरीजों और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत देहरादून से डोईवाला की ओर जाने वाले ऑटो-रिक्शा अब जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल और एयरपोर्ट तक आ-जा सकेंगे। लंबे समय से ऑटो संचालक इस क्षेत्र तक सेवा देने की अनुमति मांग रहे थे। प्राधिकरण द्वारा जनहित में इस मांग को मंजूरी दिए जाने से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी किफायती और सुलभ परिवहन साधन मिल सकेगा। आरटीए की हालिया बैठक में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और ई-वाहनों को बढ़ावा देने के संबंध में भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

दून अस्पताल में शुरू होगी दिल की ओपन सर्जरी
चिकित्सकीय सुविधाओं का दायरा बढ़ाते हुए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अब एंजियोप्लास्टी के साथ-साथ दिल की ओपन सर्जरी और कार्डियोथोरेसिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल परिसर में कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी यूनिट स्थापित करने के लिए हाल ही में दिल्ली से आई तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इस यूनिट के शुरू होने से मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त दिल की सर्जरी का लाभ मिल सकेगा, जिसके लिए निजी अस्पतालों में लोगों को भारी भरकम राशि खर्च करनी पड़ती है। इस सिलसिले में अस्पताल के डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तकनीकी टीम के साथ कैथलैब, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू और वार्डों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया है।
















