Advertisement

डोभाल पर टिप्पणी के खिलाफ भाजपा ने फूँका कांग्रेस का पुतला 

राज्य का गौरव बढाने वालों को कांग्रेस कर रही टारगेट

देवभूमि के अपमान का लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा जवाब : भाजपा

 

देहरादून 21 सितंबर। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा एनएसए डोभाल पर की गई टिप्पणी को देवभूमि का अपमान बताते हुए प्रदेश भर में पुतले फूंककर प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं का कहना था कि राज्य के गौरव से जुड़ी शक्सियत

का लम्बे समय से कांग्रेस अपमान कर रही है और इसे बरदाश्त नही किया जायेगा।

 

पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अनेकों बार ऐसा करके दिखाया है, जिससे हम सभी और विशेष रूप से देवभूमिवासी गौरवान्वित होते हैं। यह दुर्भाग्य है कि कांग्रेस के नेता ला जिस प्रकार से राष्ट्रीय सलाहकार पर टिप्पणी कर रहे है वह अस्वीकार्य है। सभी देवभूमि वासी उनके बयान से व्यथित हैं और ये केवल डोभाल का उपहास नहीं बल्कि यह समूची देवभूमि का उपहास है। उन्होंने जो कटाक्ष किए हैं, वह देवभूमि की जनता के ऊपर किया गया कटाक्ष है।

 

वहीं प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेसी युवराज की टिप्पणी से उत्तराखंड की जनता में बड़ा आक्रोश है। क्योंकि हम यह देख रहे हैं, कि कांग्रेस लगातार उत्तराखंड के उन लोगों पर आक्रामक है, जिन्होंने इस देश में बहुत उच्च स्तर पर सेवाएं दी हैं और देश की सुरक्षा में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बात अकेले डोभाल की नहीं, बल्कि हमारे सीडीएस बिपिन रावत को भी ‘गली तक का गुंडा’ कहा गया। कांग्रेस नेताओं द्वारा अजीत डोभाल के बच्चों को लेकर तमाम आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करण माहरा भी गढ़वाल के लोगों पर’ थूकने की बात कह चुके हैं। उन्होंने

याद दिलाया कि स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा, जिन्हें हम ‘हिमालय पुत्र’ के नाम से जानते हैं, इंदिरा गांधी जी के समय पर हेमवती नंदन बहुगुणा जी को हराने के लिए क्या कुछ नहीं हुआ। जब विजय बहुगुणा मुख्यमंत्री बने, तो इन्हीं हरीश रावत ने, इसी कांग्रेस ने उनको कार्यकाल पूरा नहीं करने दिया और उसके बाद परिस्थितियाँ यह बनीं कि आज वह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। तो सच यह है कि जो-जो पहाड़ का व्यक्ति कभी कुछ आगे बढ़ा है और जिसने कुछ कर दिखाया है या कहिए कि जो बड़े नाम हैं, उनको लेकर कांग्रेस हमेशा हमलावर रही है और उन्होंने हमेशा पहाड़ का अपमान किया है और यह अपमान पहाड़ की जनता बिल्कुल नहीं सहेगी। निश्चित तौर पर अगर आवश्यकता पड़ी सड़कों पर भी संघर्ष करने की, तो पहाड़ की जनता कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष भी करेगी।