देहरादून, 20 सितंबर। गौरव सेनानी एसोसिएशन उत्तराखंड के शिमला बाईपास रोड मंडल की बैठक गणेशपुर में आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में देश की सेवा में शहीदों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और पूर्व अर्धसैनिक शामिल हुए। इस दौरान 22 नए सदस्यों ने एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की।


एसोसिएशन के सचिव गिरीश जोशी ने कहा कि शिमला बाईपास रोड वह क्षेत्र है, जहां से संगठन के विस्तार की शुरुआत हुई थी। एसोसिएशन पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों और वीर नारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहा है। देहरादून जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मंडल स्तर पर संगठन का विस्तार किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में इसे और व्यापक स्वरूप दिया जा सके। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन प्रदेश में तेजी से विस्तार कर रहा है।


बैठक में वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री को सौंपे गए 16 सूत्रीय मांग-पत्र पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा पूर्व सैनिकों के आरक्षण, उपनल में रोजगार और पारदर्शिता सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। संगठन ने कहा कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आने वाले दिनों में आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में शिमला बाईपास मंडल की कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष महावीर सिंह राणा, उपाध्यक्ष मनवर सिंह रौथाण, बीरेन्द्र कंडारी, खुशाल परिहार, प्रकाश बुटोला, लक्ष्मण सिंह, अजयवीर रावत और गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में गौरव सेनानी उपस्थित रहे।
















