Advertisement

उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक ने पौड़ी जनपद की छः विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करने को कसी कमर

रविवार 20 सितंबर 2026 को उत्तराखंड क्रांति दल के गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित मंडलीय कार्यालय में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जनपद की छः विधानसभा सीटों पर मजबूत उपस्थिति दर्ज करने और अधिकतम सीटों पर विजयश्री हासिल करने हेतु ब्लॉक और जिला स्तर की कार्यकारिणी का गठन किया गया।बैठक का संचालन दल के केन्द्रीय महामंत्री संगठन ऋषभ नेगी ने किया और उन बिंदुओं पर प्रकाश डाला,जिस वजह से क्षेत्रीय जनता का उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक से जुड़ना आवश्यक है।

 

बैठक की अध्यक्षता करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक के केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष नेगी ने उनके द्वारा उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक को मजबूत राजनीतिक दल के रूप में खड़ा करने की जिम्मेदारी उठाने की आवश्यकता और कारणों को स्पष्ट किया गया।उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड क्रांति दल(कुकरेती) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से उनका कोई मनभेद नहीं है और कहा कि वे और उनका दल क्षेत्रीय विचार धारा के ही हैं और उनका प्रयास समस्त क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर नवगठित उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस,गठबंधन के माध्यम से जनता को मजबूत तीसरा क्षेत्रीय विकल्प देने का है।उन्होंने कहा कि अब महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी भी उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक से जुड़ गयी हैं और इससे प्रदेश में महिलाओं का संगठन मजबूत करने में बड़ी मदद मिलेगी। नेगी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक का चुनाव चिन्ह बिजली का खम्बा है और हम ऊर्जा प्रदेश की जनता को मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने हेतु कटिबद्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय राजनैतिक दलों और सामाजिक-धार्मिक संगठनों से सलाह मशविरा करके ही हर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी खड़े किये जाएंगे,जिससे उनकी सीट जीतने की संभावना बढ़ जाये।

 

 

उन्होंने दल के केन्द्रीय अध्यक्ष बलवेंद्र सिंह नेगी जी के संघर्ष का बखान करते हुये कहा कि उनके द्वारा दल को विकट और विपरीत परिस्थितियों में जीवित रखने का प्रयास अभूतपूर्व है।दल के नवनियुक्त गढ़वाल मंडल प्रभारी अर्जुन नेगी ने गढ़‌वाल मण्डल के हर जिले में उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक की टीम गठन करने का संकल्प लिया और वादा किया कि वे उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक की एक बेहतरीन टीम को नई उर्जा के साथ मैदान में उतारेंगे।दल के केंद्रीय मीडिया प्रभारी अंशुल भट्ट ने कहा कि वे गढ़वाल लोकसभा चुनाव 2024 से आशुतोष नेगी जी की वजह से उक्रांद से जुड़े और जहां आशुतोष नेगी जी हैं,उसे ही वे वास्तविक उक्रांद मानते हैं।दल के नव नियुक्त केंद्रीय अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, अक्षित बड़थ्वाल,जो हाल ही में न्यूजीलैंड से अपनी नौकरी छोड़कर उत्तराखंड के युवाओं के रोजगार की लड़ाई लड़ने वापस स्वदेश आये हैं,ने बताया कि दल के प्रमुख नेता आशुतोष नेगी कैसे व्यक्ति हैं? उनके द्वारा अंकिता भण्डारी प्रकरण के अलावा न जाने कितने लोगों को इंसाफ़ दिलाने का काम किया गया है,उन्होंने दल के नेता आशुतोष नेगी के निःस्वार्थ भाव का जिक्र करते हुये कहा कि सभी को उनके नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास करना चाहिये।पौड़ी जिले के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गौरव चंदोला,जो जिले की सभी छः विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी संभालेंगे ने यह बताया,कि किस तरह से हर विधानसभा में दल के संगठन को मजबूत किया जा सकता है।नवनियुक्त केंद्रीय सहमीडिया प्रभारी देवेन्द्र खुगशाल ने इस बात की आलोचना करते हुये कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल(कुकरेती) ने जिस तरह से पौड़ी जनपद और गढ़वाल से उक्रांद के सबसे लोकप्रिय नेता आशुतोष नेगी का अपमान किया है,उसके लिये उक्रांद (कुकरेती) के केंद्रीय नेतृत्व को कभी माफ़ नहीं किया जायेगा।बैठक में दल के वरिष्ठ केंद्रीय उपाध्यक्ष यश नेगी,वरिष्ठ महिला नेत्री मेजर संतोष भंडारी, कार्यकारी जिला अध्यक्ष और कोटद्वार विधानसभा प्रभारी रविन्द्र सिंह,वरिष्ठ महिला नेत्री नीरजा खुगसाल,क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक जगमोहन नेगी,गढ़वाल मण्डल आई०टी० प्रकोष्ठ प्रभारी,शुभम नौडियाल,पंकज बड़थ्वाल,चौबट्टाखाल विधानसभा से स्थानीय जनप्रतिनिधि नीरज कुमार आदि ने भी संबोधित किया।