तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां डिवाइडर से टकराने के बाद एक कार में भीषण आग लग गई। इस भयानक हादसे में हैदराबाद के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. कासकुर्ती जगदीश की गाड़ी के अंदर ही जलकर मौत हो गई।


कैसे हुआ यह हादसा
यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब सवा सात बजे खम्मम-हैदराबाद हाईवे पर सूर्यापेट के पिल्लामरी के पास हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, डॉक्टर की कार अचानक बेकाबू होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में तुरंत आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई।

दमकल पहुंचने से पहले सब कुछ जला
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। जब तक दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पातीं, तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। अंदर फंसे डॉक्टर की दम घुटने और आग में झुलसने से मौत हो गई थी।

परिवार से मिलने लौट रहे थे डॉक्टर
वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान डॉ. कासकुर्ती जगदीश के रूप में हुई। वे खम्मम के ममता अस्पताल में न्यूरोसर्जन के तौर पर सेवाएं दे रहे थे और अपना काम समाप्त करके परिवार से मिलने के लिए खम्मम से हैदराबाद की ओर लौट रहे थे।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर अंदेशा जताया है कि सफर के दौरान गाड़ी चलाते वक्त डॉक्टर को झपकी आ गई होगी, जिससे नियंत्रण खोने के बाद यह दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस और फोरेंसिक टीम हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है और जले हुए अवशेषों को कब्जे में ले लिया गया है।


















